Monday, 11 August 2008

कपास की पैदावार बढ़ सकती है: सीएआई

मुंबईः भारत में कपास का उत्पादन फाइनैंशल इयर 2012 तक लगभग 42 फीसदी बढ़कर 4.5 करोड़ गांठ होने का अनुमान है। कॉटन एसोसिएशन ऑफ इंडिया (सीएआई) के अध्यक्ष पी. डी. पटोदिया ने कहा, 'देश में आने वाले समय में कपास का औसत उत्पादन बढ़ना चाहिए और फाइनैंशल इयर 2012 तक कपास की पैदावार लगभग 4.5 करोड़ गांठ हो जानी चाहिए।' भारत में इस समय 3.15 करोड़ गांठों का उत्पादन होता है, जो विश्व कपास उत्पादन का करीब 20 फीसदी है। एक गांठ 170 किलो की होती है। पटोदिया ने कहा कि भारत का औसत कपास उत्पादन 560 किलो प्रति हेक्टेयर है, जबकि वैश्विक औसत 785 किलो प्रति हेक्टेयर का है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले सालों में कपास उत्पादन में बढ़ोतरी की पूरी क्षमता भारत में है। भारत में कपास का उत्पादन दस कपास उत्पादक राज्यों में होता है जिनकी अलग-अलग कृषि जलवायु परिस्थितियां हैं। बुआई क्षेत्र के लिहाज से भारत का दुनिया में अच्छा खासा हिस्सा है। भारत में 95 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में कपास की बिजाई होती है, जो विश्व के कुल कपास क्षेत्र का 29 फीसदी है। ET

No comments: